उमर्दा (कन्नौज)। भरतपुर में एयरटैंक फटने से अग्निवीर बलिदान हो गया। आर्मी एयर डिफेंस कोर के अफसरों ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद परिजनों में चीखपुकार मच गई। परिजन भरतपुर के लिए रवाना हो गए। अग्निवीर के घर पर लोग सांत्वना देने के लिए पहुंचने लगे।
इंदरगढ़ के ग्राम भरखरा निवासी राकेश्प ल खेतीबाड़ी करते हैं। रमेश के बड़े बेटे सौरभ पाल (24) वर्ष 2022 में अग्निवीर के तहत आर्मी डिफेंस कोर में भर्ती हुए थे। अक्तूबर को उसकी नियुक्ति राजस्थान के भरतपुर में हुई थी। शुक्रवार दोपहर 12 बजे एयरटैंक फटने से सौरभ उसकी चपेट में आकर घायल हो गया। अफसरों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर इलाज के दौरान सौरभ ने दम तोड़ दिया। एक बजे मेजर विनय कुमार ने सौरभ के पिता को काॅल कर घटना की जानकारी दी और भरतपुर आने के लिए कहा। इसके बाद राकेश छोटे बेटे उत्कर्ष उर्फ गोलू के साथ कार से भरतपुर के लिए रवाना हो गए। थाना प्रभारी पारुल चौधरी ने बताया कि अग्निवीर के बलिदान होने की खबर मिली है। परिजन शव लेने के लिए भरतपुर पहुंच गए हैं।
जुलाई में घर आया था सौरभ
परिजनों ने बताया कि सौरभ जुलाई में छुट्टी पर घर आया था और 13 जुलाई को वापस चला गया था। उसने कहा था कि दीपावली में घर आएंगे और साथ में दीप जलाकर घर को रोशन करेंगे। किसी को क्या पता था कि घर का ही दीपक बुझ जाएगा।
मां का हो गया निधन, बड़ी बहनों की हो चुकी शादी
सौरभ की मां का कई साल पहले निधन हो गया था। बड़ी बहन पूजा और अर्चना की शादी हो गई है। घर में सौरभ के पिता व छोटी बहन रचना और भाई उत्कर्ष उर्फ गोलू रहते हैं। बेटे के अग्निवीर में भर्ती होने के बाद परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई थी, लेकिन दो साल में ही खुशियां मातम में बदल गईं।
छोटा भाई कर रहा पुलिस में भर्ती की तैयारी
सौरभ का छोटा भाई उत्कर्ष बीएससी उत्तीर्ण कर चुका है। भाई के अग्निवीर में भर्ती होने के बाद उत्कर्ष भी देश सेवा करना चाहता है। इसके लिए उसने पुलिस भर्ती की तैयारी शुरू कर दी थी। तब से वह तैयारी में लगा हुआ है।