छिबरामऊ। जीटी रोड चौड़ीकरण में अधिग्रहीत की गई जमीनों के मुआवजे की मांग को लेकर करमुल्लापुर में किसानों का धरना 17वें दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। किसानों का कहना है कि जब तक मुआवजे की धनराशि उनके खाते में नहीं आ जाएगी, तब तक धरना समाप्त नहीं होगा। डिप्टी सीएम के आने का हवाला गुरुवार को प्रशासन ने धरना खत्म करवाया गया था।
करमुल्लापुर चौराहे पर अंडरपास के नीचे मुआवजे की मांग को लेकर किसानों का धरना 17वें दिन भी जारी रहा। किसानों का कहना है कि उनको अफसर सिर्फ कोरे आश्वासन दे रहे हैं लेकिन मुआवजा अभी तक खातों में नहीं आया है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को भी उन्होंने ज्ञापन दिया था पर कोई सुनवाई नहीं हुई। किसानों का कहना है कि जब तक उनको मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। अगर उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो 2024 के लोकसभा चुनाव पर इसका असर साफ दिखाई देगा। इस दौरान आत्माराम दिवाकर, विवेक यादव, अरविंद कुमार, मंगू यादव, ब्रजकिशोर, जितेंद्र कुमार, गौरव दुबे, सिल्लू, मुकेश कुमार, रवि कुमार व अखिलेश कुमार मौजूद रहे।