कन्नौज। हापुड़ में अधिवक्ताओं पर हुई लाठीचार्ज को लेकर इत्रनगरी के अधिवक्ता तीन दिवसीय कलमबंद हड़ताल पर है। हड़ताल के दूसरे दिन मंगलवार को अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर कचहरी परिसर में मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक का पुतला फूंककर आक्रोश जताया। इस दौरान कचहरी के बाहर भारी पुलिस बल मौजूद रहा। अधिवक्ताओं ने हापुड़ डीएम व एसपी के तबादला करने की मांग की।
बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश की अपील पर जिले के सभी अधिवक्ता सोमवार से तीन दिवसीय हड़ताल पर हैं। हड़ताल के दूसरे दिन कन्नौज बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कुमार सारस्वत की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में एकत्र होकर पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद और अधिवक्ता एकता जिंदाबाद के नारे लगाए। इसके बाद अधिवक्ताओं मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि उनकी मांग है कि अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज कराने वाले हापुड़ डीएम व एसपी का अविलंब स्थानांतरण किया जाए। साथ ही एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट तत्काल पारित किया जाए। कहा कि अधिवक्ताओं को न्याय न मिलने तक सभी अधिवक्ता आंदोलित रहेंगे। इस मौके पर महासचिव सतेंद्र प्रताप सिंह बघेल, कोषाध्यक्ष मोहित वर्मा, राजेंद्र बाबू द्विवेदी, रामेंद्र त्रिवेदी, मोहित यादव, अब्दुल रब, सोहल खान आदि मौजूद रहे।