कचहरी जा रहे बाइक सवार वकील को बुधवार को जीटी रोड पर ग्राम अकबरपुर के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे मृतक के ससुरालीजनों ने शव सड़क पर रखकर हाइवे पर जाम लगा दिया। एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। वह हेलमेट नहीं लगाए थे।
कन्नौज के मियागंज थानांतर्गत ग्राम रामबक्सपुर्वा निवासी अंबरीश कुमार (25) पुत्र जगतनरायन पाल बुधवार को क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर स्थित अपनी ससुराल आया था। उसके साले की बुधवार को गोद भराई की रस्म होनी थी। ससुरालीजन फर्रुखाबाद जाने के लिए घर पर तैयारी कर रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे अंबरीश अपनी बाइक से कचहरी में अपने साथी अधिवक्ता से मिलने जा रहा था। जब वह जीटी रोड पर ग्राम अकबरपुर के आगे कालेज के पास पहुंचा तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह बाइक से उछलकर दूर जा गिरा। गंभीर हालत में सड़क पर पड़े रहने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों ने जब युवक को सड़क पर पड़ा दिखा तो हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसएसआई नवीन कुमार, सिकंदपुर चौकी इंचार्ज जगन्नाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सड़क पर पड़े शव को किनारे रखवाया। शिनाख्त होने पर इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। कुछ ही देर में उनके ससुरालीजन मौके पर पहुंच गए। इस बीच काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ भी जुट गई। पुलिस का रवैया देख ससुरालीजनों के तेवर बदल गए। उन लोगों ने शव को रोड पर रखकर जाम लगा दिया।
हाइवे जाम होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कुछ देर बाद मृतक की पत्नी लक्ष्मी परिवार की अन्य महिलाओं के साथ मौके पर पहुंच गई और शव के लिपटकर बिलख उठी। जाम की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी महेश प्रसाद दीक्षित, सीओ वीपी सिंह सोलंकी मौके पर पहुंचे। एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीणों ने करीब एक घंटे बाद जाम खोला। तब कहीं जाकर आवागमन सुचारु हो सका। साथी अधिवक्ता की सड़क हादसे में मौत की जानकारी मिलते ही तहसील ओर मुंसिफी के काफी अधिवक्ता भी घटनास्थल पर पहुंच गए।