छिबरामऊ। ग्राम मुड़िया में शुक्रवार को आयोजित ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन, बदहाल सड़कों और राशन-पुष्टाहार वितरण में अनियमितता की शिकायतें कीं। समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही पर बीडीओ दीपांकर आर्य ने ग्राम सचिव को वर्ष 2026-27 के लिए विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि दी। पंचायत भवन की भूमि पर अतिक्रमण की अनदेखी पर एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी ने क्षेत्रीय लेखपाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत बिछाई पाइपलाइन से कई मजरों में नियमित पानी नहीं पहुंच रहा है। पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत भी अधूरी है। अधिकारियों ने जल निगम के अधिशासी, सहायक और अवर अभियंताओं को मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। पुष्टाहार वितरण में शिकायत पर सीडीपीओ को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
चौपाल में स्वास्थ्य शिविर में 36 ग्रामीणों का परीक्षण कर दवाएं वितरित की गईं। शिवानी की गोद भराई और नायरा का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। इस दौरान राजस्व निरीक्षक समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।