कन्नौज। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर के सहायक मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) राजीव अग्रवाल कन्नौज स्टेशन को देखते हुए निकल गए।
अनुमान था कि वह घटनास्थल का निरीक्षण भी करेंगे पर केवल विंडो निरीक्षण करते हुए फर्रुखाबाद निकल गए। एडीआरएम के दौरे को लेकर स्टेशन पर रेलवे के अधिकारी व कर्मचारी मुस्तैद रहे। बताया गया कि वह कानपुर के चौबेपुर स्टेशन पर इंटरलॉकिंग कार्य का निरीक्षण करने गए थे।
एडीआरएम दोपहर में स्पेशल ट्रेन से चौबेपुर का निरीक्षण करते हुए कन्नौज होते हुए फर्रुखाबाद के लिए निकले।
स्टेशन अधीक्षक अंजनी प्रसाद सहित सभी कर्मचारी व अधिकारी स्टेशन पर एडीआरएम के इंतजार में खड़े रहे। स्पेशल ट्रेन से उन्होंने स्टेशन का विंडो निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रेन की स्पीड थोड़ी कम कर दी गई थी।
अनुमान लगाया जा रहा था कि 11 जनवरी को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत निर्माणाधीन भवन का लिंटर गिर गया था, जिसमें 26 मजदूर घायल हो गए थे। इस हादसे की जांच रेलवे की उच्च स्तरीय टीम कर रही है।
ऐसे में एडीआरएम घटनास्थल को देखने जरूर आएंगे। रेलवे के कर्मचारियों ने इसके लिए तैयारियां भी पूरी कर लीं थीं, मगर वह विंडो निरीक्षण कर ही निकल गए।
स्पेशल ट्रेन के न रुकने से अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि एडीआरएम चौबेपुर स्टेशन पर इंटरलॉकिंग कार्य का निरीक्षण करने गए। कन्नौज में रुकने का कोई कार्यक्रम नहीं था। उनकी स्पेशल ट्रेन को लूप लाइन से पास किया गया था।