राजकीय मेडिकल कालेज के आडिटोरियम में 11 से 19 वर्ष के किशोर व किशोरियों के शारीरिक व मानसिक परिवर्तन से उपजी बीमारियों को लेकर दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार एडोल्कान 2016 का शुक्रवार को रंगारंग आगाज हुआ। प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल, सांसद प्रतिनिधि नवाब सिंह यादव, प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा महानिदेशक डा. वीएन त्रिपाठी ने सेमिनार का उद्घाटन किया।
सेमिनार में दिल्ली एम्स, भोपाल मेडिकल कालेज, सफदरगंज अस्पताल दिल्ली, हदय रोग संस्थान कानपुर, केजीएमसी लखनऊ, पीजीआई लखनऊ, मेडिकल कालेज अहमदाबाद, जीएसवीएम मेडिकल कालेज कानपुर से आए दो दर्जन से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्रतिभाग किया। सेमिनार के प्रारंभ में एमबीबीएस थर्ड ईयर की स्टूडेंटस ने अतिथियों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
सेमिनार में एम्स दिल्ली से कम्युनिटी मेडिसिन के एचओडी डा. पुनीत मिश्रा, केजीएमसी लखनऊ के डा. उदय मोहन, डा. एसके सिंह, हदय रोग संस्थान कानपुर के निदेशक डा. विनय कृष्णा, सफदरगंज अस्पताल नई दिल्ली के डा. जुगुल किशोर, मौलाना आजाद मेडिकल कालेज दिल्ली की डा. प्रेमावाली, कानपुर की डा. सीमा निगम, डा. अभय सिंह, अहमदाबाद के डा. निखिल पांडेय को राजकीय मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा.डीएस मारतोलिया, सीएमएस डा. .दिलीप सिंह, सर्जन डा.आईए अंसारी को सम्मानित किया।
राजकीय निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक बीआर सिंह, एआरटीओ राहुल श्रीवास्तव, सपा नेता नीरज द्विवेदी को भी प्राचार्य ने शाल व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। चिकित्सा शिक्षा महानिदेशक व प्राचार्य ने संयुक्त रुप से शिक्षा राज्यमंत्री को शाल व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। सेमिनार में डा. जुगुल किशोर द्वारा 11 से 19 वर्ष तक की आयु के किशोर व किशोरियों की लाइफ स्टाइल पर लिखी गई पत्रिका एडोल्कान 2016 का शिक्षा राज्यमंत्री व डीजीएमई ने संयुक्त रुप से विमोचन किया।