शहर के मोहल्ला कांशीराम कालोनी में शुक्रवार रात शराब पीने के लिए रुपये न देने पर गु्स्साए नशेबाज बेटे ने पिता को लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला। घटना को अंजाम देकर वह फरार हो गया। सूचना पाकर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला होली निवासी उमेश चंद्र पांडेय (50) का परिवार बेहद गरीब है। पुरानी पुलिस लाइन के निकट स्थित कांशीराम कालोनी में मिले आवास ब्लाक नंबर 11 में वह अपने दो बेटों मंगल व अंकुर के साथ रहते थे। सदर कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार मंगल शराब का लती है। शुक्रवार रात वह शराब के नशे में धुत होकर अपने घर पहुंचा।
इसके बाद पिता उमेश चंद्र से और शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगा। इस पर उन्होंने रुपये देने से इनकार कर दिया। इ पर मंगल घर में रखा पंखा उठाकर बेचने के लिए ले जाने लगा। यह देख उमेश ने विरोध किया। इससे गुस्साया मंगल उन्हें खींचकर कमरे के अंदर ले गया। इसके बाद लाठी लेकर उनके उपर ताबड़तोड़ कई बार प्रहार किए। इससे उमेश की मौत हो गई।
चीखपुकार सुनकर मोहल्ले के लोग दौड़े। इसी बीच भीड़ का फायदा उठाकर मंगल फरार हो गया। सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर छानबीन की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना के संबंध में मृतक के पुत्र रिपोर्ट अंकुर ने भाई मंगल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। समाचार लिखे जाने तक आरोपी मंगल को पुलिस पकड़ न हीं सकी है।