कन्नौज। जनपद के 440 स्कूलों ने अभी तक छात्रवृत्ति योजना के पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल लॉक नहीं की है। इस लापरवाही पर प्रशासन ने कड़ी नाराजगी जताई है। जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज ने पांच अगस्त तक कार्य पूरा न होने पर प्रधानाचार्यों और लिपिक का वेतन रोकने की चेतावनी दी है। समाज कल्याण विभाग के सचिव की अध्यक्षता में 31 जुलाई को एक वीडियो कांफ्रेंसिंग हुई थी। इसमें जनपद के स्कूलों की प्रोफाइल लॉक होने की संख्या बेहद कम पाई गई। शासन ने इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी। इन 440 स्कूलों में 260 प्री-मैट्रिक और 180 पोस्ट-मैट्रिक के स्कूल शामिल हैं। इन सभी ने अभी तक अपना मास्टर डाटा अपडेट और लॉक नहीं किया है। डीआईओएस कार्यालय ने ब्लॉकवार 22 नोडल अधिकारियों को नियुक्त किया है। ये अधिकारी प्रतिदिन स्कूलों से संपर्क कर पांच अगस्त तक प्रोफाइल लॉक करवाने का कार्य सुनिश्चित करेंगे। डीआईओएस ने जनपद के सभी माध्यमिक स्कूलों को पांच अगस्त तक मास्टर डाटा हर हाल में लॉक करने के निर्देश दिए हैं।