कन्नौज। सांसद सुब्रत पाठक ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में बिजली अधिकारियों की क्लास लगाई। उन्होंने कहा कि उन्हें शिकायतें मिल रही हैं कि अधिकारी सीयूजी नंबर नहीं उठाते हैं। अपनी यह आदत बदल लीजिए। फोन न उठाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी क्षेत्र में काम कर रहे हैं, जनता मालिक है, आप नहीं। सेवाभाव से काम करिए।
सांसद शुक्रवार को जिले में बिजली व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्र में हर हाल में 16 घंटे बिजली देना सुनिश्चित करें। तहसील स्तर पर 18 और मुख्यालय पर 20 घंटे बिजली दी जाए। इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सांसद ने कहा कि कुछ माह पहले तक बिजली से जुड़ी इतनी समस्याएं नहीं थीं। अगर कोई लाइनमैन लापरवाही कर रहा है तो उसे तत्काल हटाएं। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बदहाल होने से किसानाें की सिंचाई प्रभावित हो रही है। सांसद ने कहा कि हर माह बिल वसूली करना सुनिश्चित करें। बड़े बकायेदार बिल देने में आनाकानी कर रहे हैं तो नियमानुसार कार्रवाई कर वसूली की जाए। सांसद ने कहा कि किसानों से हड़की की भाषा में बात करना बंद करें। इनसे सहानुभूति से पेश आएं।
अधीक्षण अभियंता जीपी यादव ने कहा कि पावर हाउस कम होने के कारण कटौती की जा रही है। इस पर सांसद ने कहा कि नए सब स्टेशन की स्थापना के लिए सर्वे रिपोर्ट दें। समीक्षा बैठक के बाद सांसद ने जनता की समस्याओं को सुनकर निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक के दौरान डीएम रवींद्र कुमार ने कहा कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कराएं। इसमें लापरवाही न बरतें। ट्रांसफार्मर फुंकने या फिर लोकल फाल्ट होने पर तुरंत ठीक कराएं। यहां सीडीओ प्रेम प्रकाश त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।