ठठिया (कन्नौज)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिवार पर जानलेवा हमले के मामले में थाना पुलिस की सुस्त कार्रवाई पर शिवशक्ति अखाड़े के महंत मधुराम शरण शिवा ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।
शनिवार को शिवशक्ति अखाड़े के महंत मधुराम शरण शिवा ठठिया थाना क्षेत्र के उमरन गांव पहुंचे। उन्होंने आठ अप्रैल की शाम गांव के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी चंद्रिका प्रसाद शुक्ला के प्रपौत्र प्रताप नारायण शुक्ला और उनके परिजनों से मुलाकात की। पीड़ित पक्ष ने बताया कि गांव के जामिल सिद्दीकी, कामिल सिद्दीकी ने अपने साथियों के साथ मिलकर आठ अप्रैल 2026 को जानलेवा हमला कर परिवार के चार सदस्यों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। शिकायत पर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया, लेकिन घटना के 10 दिन बाद भी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। महंत ने कहा कि जामिल सिद्दीकी क्षेत्र पर पुराने मुकदमों को देखते हुए उस पर गैंगस्टर एक्ट लगाया जाना जरूरी है। इस दौरान सदर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह, ठठिया थाना प्रभारी संजीव कुमार मौके पर मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इस घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार जामिल सिद्दीकी पर पुलिसकर्मियों की रायफल छीनने से लेकर जानलेवा हमले समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं। आरोप है कि औसेर चौकी इंचार्ज का उसके घर आना-जाना रहता है महंत ने एसपी विनोद कुमार से फोन पर बात की और चौकी इंचार्ज की भूमिका जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जामिल को बचाने में नप चुके हैं ट्रेनी सीओ और थानाध्यक्ष
करीब एक साल पहले उमरन गांव में प्राचीन टीले का अवैध खनन करवा कर जामिल और उसके सहयोगी निगल गए और धार्मिक चबूतरे को मजार में तब्दील कर दिया। जब ये मामला सामने आया तो हिंदूवादी संगठनों ने विरोध कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर तत्कालीन ट्रेनी सीओ कुलवीर सिंह को हटा दिया गया था और थाना प्रभारी अरुण चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया गया था।
उमरन गांव के मामले में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा जा चुका है। घटना की जांच चल रही है। इस मामले में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
-विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक