फोटो:29: औद्योगिक गलियारे में खड़ी फसल को नष्ट करता ट्रैक्टर। संवाद
ठठिया। औद्योगिक गलियारे के निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि पर अवैध कब्जा कर बोई गई गेहूं की फसल को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए जोतवा दिया। प्रशासन की कार्रवाई से ग्रामीणों में खलबली मच गई।
प्रशासन ने अलीपुर गांव में औद्योगिक गलियारे के निर्माण के लिए भूमि का अधिग्रहण किया था। इसके बावजूद कुछ लोगों ने चारागाह की भूमि पर अवैध कब्जा कर गेहूं की फसल बुवाई कर दी थी। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सोमवार सुबह अपर जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह एवं तहसीलदार तिर्वा अवनीश कुमार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ अलीपुर गांव पहुंची। मौके पर मोहम्मद यार, शान अहमद सहित अन्य लोगों ने जमीन पर कब्जा कर गेहूं की फसल की बुआई कर दी थी।
जांच के बाद ट्रैक्टर से खड़ी फसल को जोतवा दिया और जमीन को कब्जा मुक्त कराया। मौके पर नायब तहसीलदार अमित पाठक, लेखपाल सद्दाम हुसैन, अर्पित कटियार, शोभित कटियार मौजूद रहे। तहसीलदार तिर्वा अवनीश कुमार ने बताया कि अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी यदि इस तरह के मामले सामने आते हैं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।