कन्नौज। पुलिस पर दो भाइयों के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगा भाई ने एसपी को प्रार्थना पत्र देेकर पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है। थाना ठठिया के गांव जैतापुर निवासी वकील विजय कुमार राजपूत ने एसपी अमित कुमार आनंद को प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि जमीन की रंजिश में मुकदमे चल रहे है। भाई श्रवण कुमार व वीरभान के खिलाफ पुलिस दूसरे पक्ष से रुपये लेकर फर्जी मुकदमे दर्ज कर रही है। दोनों भाइयों की हिस्ट्रीशीट भी पुलिस ने खोल दी है। 2016 में गांव के शातिर सहित सात लोगों के खिलाफ डकैती का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मुकदमे में एफआर लगा दी थी। इसी रंजिश में दूसरे पक्ष ने भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। भाइयों के खिलाफ दर्ज फर्जी मुकदमे को निस्तारित किया जाए। एसपी ने पूरे मामले में जांच के बाद कार्रवाई करने का भरोसा दिया।