छिबरामऊ। क्षेत्र के बहबलपुर गांव में दबंग ने सरकारी बंजर जमीन की बिक्री कर दी। यह जमीन अभिलेखों में बंजर में दर्ज है। भाकियू ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर जमीन की बिक्री करने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार शिखर मिश्रा को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि बहबलपुर गांव में तालग्राम रोड से जीटी रोड तक मार्ग है, जोकि पूरा रोड बना है। तालग्राम रोड से पचास मीटर कच्चा है। गांव के ही दबंग ने सरकारी भूमि गाटा 216 बंजर नंबर की बिक्री कर दी जबकि यह गाटा 216 अभिलेखों में बंजर दर्ज है।
कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। यदि सात दिन के अंदर सरकारी जमीन की बिक्री करने वालों पर कार्रवाई कर रास्ता सुचारू रूप से शुरू नहीं हुआ तो तहसील में धरना प्रदर्शन होगा। इस दौरान सौरभ यादव, मो. फहीम, सुधीर कुमार व रघुवर दयाल भी मौजूद रहे।