छिबरामऊ (कन्नौज)। साथियों के साथ नहर में नहाकर बाइक से लौट रहे एंबुलेंस चालक की बाइक में डंपर ने टक्कर मार दी। एंबुलेंस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। घायलों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। डंपर को ऐरवाकटरा पुलिस ने कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
औरैया के ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र के किशनपुर सुरेदा गांव निवासी सुमित कुमार (24) आगरा के बाह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस चालक के पद पर तैनात था। 19 जून को वह छुट्टी पर घर आया था। रविवार को सुमित गांव के सुरजीत (20) व विकास (21) के साथ आदमपुर गांव के पास स्थित नहर में नहाने गया था। नहाने के बाद तीनों एक ही बाइक से गांव लौट रहे थे। तरींद मोड़ पर सामने से डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। सुमित की मौके पर ही मौत हो गई, सुरजीत व विकास गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, यहां से दोनों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया। सूचना पर अस्पताल पहुंची मां सुमन, बडे़ भाई बंटू व शिवराज का रो-रोकर बुरा है।