छिबरामऊ। इन्वर्टर में पानी डालते समय करंट लगने से बीज विक्रेता की मौत हो गई। उसे बचाने के प्रयास में छोटा भाई, मां व बहन करंट की चपेट में आने से झुलस गई। बीज विक्रेता की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर निवासी मोहम्मद फिरोज (27) बीज बेचने की दुकान चलाता है। बुधवार की देर रात वह घर में इन्वर्टर में पानी डाल रहा था, तभी करंट की चपेट में आ गया। उसे छुड़ाने के लिए छोटे भाई मोहम्मद आकिब, मां सामना बेगम व बहन आफरीन भी करंट की चपेट में आकर झुलस गईं। परिजन झुलसे हुए मोहम्मद फिरोज को सौ शैया अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मोहम्मद फिरोज की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मामूली रूप से झुलसे भाई, मां व बहन का अस्पताल में ही उपचार किया गया। परिजनों ने बताया कि फिरोज की शादी इसी साल 16 फरवरी को तिर्वा तहसील के बैसार गांव से हुई थी।