खड़िनी। ग्राम थुलरिया में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से किसान की मौत हो गई। किसान की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने खड़िनी-हरसेन मार्ग पर जाम लगा दिया। ढाई घंटे बाद दोपहर में पहुंचे तहसीलदार व चौकी इंचार्ज ने पांच लाख की आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
थुलरिया निवासी किसान महेंद्र (40) ने खटकरी निवासी राम प्रताप सिंह का खेत बटाई पर लिया था। धान की रोपाई के लिए रविवार सुबह तीन बजे के महेंद्र खेत में पंप चलाकर पानी देने के लिए घर से साइकिल से जा रहे थे। गांव के रक्षपाल के खेत के पास उनके ऊपर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने खड़िनी-हसेरन मार्ग पर जाम लगा दिया। दोपहर के समय तिर्वा तहसीलदार मोहित वर्मा, राजस्व निरीक्षक गया सिंह राजपूत, चौकी इंचार्ज ओमबाबू तिवारी, लेखपाल पवनेश दुबे मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने ग्रामीणों को मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
ग्रामीणों ने बताया कि महेंद्र के नाम महज 11 विस्वा जमीन है। उसके परिवार में पत्नी राधा देवी के अलावा बेटी पूनम, सोनम, वंदना, प्रिया व चार साल का बेटा प्रांशु है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
15 दिन पहले ही बिछाई गई थी नई लाइन : हादसे के बाद गुस्साए थुलरिया के लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि 15 दिन पहले ही यह नई लाइन बिछाई गई थी। 15 दिनों में लाइन दूसरी बार टूटकर गिरी है। बिजली विभाग मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करे।
बिजली विभाग के अफसरों को बुलाने की जिद पर अड़े ग्रामीण : हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर जान गंवाने वाले महेंद्र के परिजन बिजली विभाग के अफसरों को बुलाने की जिद पर अड़ गए। ग्रामीणों व परिजनों ने किसान के शव को घर पर रख लिया। उनकी मांग थी कि बिजली विभाग के अफसर मौके पर आकर आर्थिक सहायता प्रदान करें, उसके बाद ही वह शव उठने देंगे। काफी प्रयास के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पाई।
लगातार हादसों के बाद भी नहीं सीख रहा बिजली विभाग : चपुन्ना। लगातार बिजली का तार टूटकर गिरने से हादसे हो रहे हैं, लेकिन बिजली विभाग सीख नहीं रहा है। पिछली साल गुबरिया (गढ़िया पाह) में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से युवक की मौत हो गई थी। 15 दिनों तक राजपुर करना फीडर की सप्लाई ग्रामीणों ने शुरू नहीं होने दी। कुछ दिन बाद ही मुर्रा गांव हाईटेंशन लाइन का फाल्ट हुआ, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। युवती शिवांगी की उंगलियां कट गईं। नगरिया लाल शाह में धान की रोपाई करते समय किसान हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से घायल हो गया था।