छिबरामऊ(कन्नौज)। कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने विवाहिता से मारपीट कर घर से निकाल दिया। पिता के साथ ससुराल पहुंचने पर घर में नहीं घुसने दिया गया। पीड़ित महिला ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
जनपद इटावा के ऊसराहार निवासी पूजा कश्यप ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2017 में मोहल्ला बजरिया निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद से पति, सास व ससुर दहेज में कार की मांग करते हुए प्रताड़ित करने लगे। मांग पूरी न होने पर पति मायके ऊसराहार छोड़ आए। मायके पक्ष के लोगों ने काफी समझाने का प्रयास किया, यह लोग साथ रखने को तैयार नहीं हुए। रविवार को वह अपने पिता के साथ ससुराल पहुंची। ससुरालीजनों ने घर में नहीं घुसने दिया। गाली गलौज करते हुए धक्का मारकर निकाल दिया। पीड़ित ने पुलिस से न्याय दिलाने की मांग की है।
इस संबंध में निरीक्षक हरीशंकर ने बताया कि जांच के लिए टीम मौके पर भेजी गई है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।