कन्नौज। डीएम रवींद्र कुमार ने गुरुवार को आबकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अव्यवस्थाएं मिलीं। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कार्यालय के पूरे स्टाफ का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में सभी चीजें व्यवस्थित कर लें, नहीं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्यालय में अभिलेख अव्यवस्थित पाए जाने पर डीएम ने सख्त नाराजगी दिखाई। अंकन की कार्रवाई भी नहीं पाई गई। इस पर उन्होंने आबकारी अधिकारी समेत विभाग के पूरे स्टाफ का वेतन रोकने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान राजेश सिंह व नईम खां की सेवा पुस्तिका का भी अवलोकन किया। इसमें अंकन की नियमानुसार कार्रवाई नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय तक की अंकन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सेवा पुस्तिका से संबंधित कोई भी कार्रवाई वंचित नहीं रहनी चाहिए। कर्मचारी की सेवानिवृत्ति के दौरान सेवा पुस्तिका की महत्ता सबसे अधिक होती है। जिलाधिकारी ने कार्यालय की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए एक सप्ताह की मोहलत दी। आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि हर वर्ष के व्यवस्थापन से संबंधित प्रपत्रों के रखरखाव की फाइलिंग करें। कार्यालय की साज सज्जा भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कार्यालय में वेयर हाउस का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉक का भी जायजा लिया। सैंपल भी देखा। डिस्टलरी के बारे में समीक्षा की। आबकारी अधिकारी को स्टॉक की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान आबकारी अधिकारी एनके सचान व अन्य लोग मौजूद रहे।