मानीमऊ। नेशनल हाईवे पर बुधवार की देर रात एक कार ने पैदल जा रहे युवक को पीछे से टक्कर मार दी। युवक उछल कर रेलिंग से टकराकर और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां डाक्टरों ने इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।
सदर कोतवाली के रेलवे रोड मानीमऊ निवासी अमर सिंह उर्फ मुन्ना रेलवे क्रासिंग से कन्नौज की की ओर से रात नौ बजे हाईवे पर किनारे जा रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार कार ने दूसरे वाहन को ओवरटेक किया और पैदल चल रहे मुन्ना को जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर ने चौकी प्रभारी आलोक कुमार को सूचना दी तब पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। परिजनों को सूचना दी, परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। वहां पर डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान रात 11 बजे अमर सिंह उर्फ मुन्ना ने दम तोड़ दिया। परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इससे पहले तीन माह पूर्व इसका भाई भी रेलवे क्राॅसिंग के निकट हाईवे पार करते समय दुर्घटना में मौत हो गई थी।