छिबरामऊ। नगर के त्रिपाठी नगर मोहल्ले में आठ साल से चली आ रही जलभराव की समस्या से परेशान एक युवक मंगलवार को हाथ में दो ब्लेड लेकर नगर पालिका कार्यालय पहुंच गया। युवक ने आत्महत्या की धमकी दी लेकिन मौके पर मौजूद सभासद की समझदारी से बड़ा हादसा टल गया।
त्रिपाठी नगर निवासी शोभित भदौरिया हाथ में ब्लेड लेकर सीधे पालिका दफ्तर पहुंचा और अधिकारियों के सामने अपनी पीड़ा रखी। उसका कहना था कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह अपना गला और हाथ की नस काट लेगा। शोभित ने बताया कि घर की रसोई तक में पानी भर जाने के कारण खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने कदम नहीं उठाया। अधिशासी अधिकारी अजय कुमार ने आश्वासन दिया कि जल्द ही मोहल्ले में जलभराव की समस्या का निराकरण कराया जाएगा।
मायके गई पत्नी तो उठाया कदम
युवक ने बताया कि हर साल जलभराव से तंग आकर उसकी पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई है। लगातार हो रही परेशानी से वह मानसिक रूप से टूट चुका था। इसी बेबसी में उसने यह कदम उठाने का फैसला कर लिया। मौके पर मौजूद सभासद धर्मेंद्र दुबे उर्फ शम्मी ने बीच-बचाव कर युवक को समझाया और अधिकारियों से समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिलाया। इसके बाद शोभित शांत हुआ। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से त्रिपाठी नगर की जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।