छिबरामऊ। दिल्ली के आनंद विहार से ससुराल आ रहे एक युवक को रास्ते में जहरखुरानों ने शिकार बना लिया। बेहोशी की हालत में युवक का सामान लूटकर रास्ते में कहीं उतर गए। रोडवेज बस चालक गुरुवार को उसे बेहोशी की हालत में पूर्वी बाईपास पर छोड़कर चला गया। सुबह टहलने निकले लोगों ने युवक को सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बाद युवक के होश में आने पर परिजन घर ले गए।
बिधूना थानाक्षेत्र के ग्राम तिलकपुर सरमेडी निवासी पुष्पेंद्र (27) नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। बुधवार रात 10 बजे वह आनंद विहार से बस पकड़कर ससुराल लक्षीराम नगला आ रहा था। रास्ते में उसे नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे वह अचेत हो गया। इसके बाद आरोपी उसका मोबाइल, चार हजार रुपये नकद और कीमती सामान से भरा बैग समेटकर फरार हो गए।
रोडवेज बस के परिचालक ने बेहोशी की हालत में देख उसे पूर्वी बाईपास पर उतार दिया। बाईपास पर अचेत युवक को देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक पर्ची मिली, जिसमें परिजनों के नंबर थे। लोगों ने पुष्पेंद्र के परिजनों को जानकारी दी।