छिबरामऊ। घर जा रहे युवक की बाइक में मंगलवार की देर रात पीछे से वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।आसपास के लोगों ने उसे 100 शैया अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नगर पंचायत सिकंदरपुर के मोहल्ला खेड़ा जगदीशपुर निवासी सत्यप्रकाश का 26 वर्षीय बेटा अंकित बॉथम ग्राम सफाखेड़ा में श्रव्या क्लिनिक चलाता था। वह डी फार्मा किए था और छिबरामऊ किसी काम से आए थे। वापस जाते समय ग्राम अकबरपुर के पास पीछे से आ रहे वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने 100 शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया, वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंकित के शादी छह साल पहले इटावा जिले के कस्बा भरथना निवासी शिवानी से हुई थी। अंकित की एक बेटी तीन वर्ष की श्रव्या है। उसके पिता सिकंदरपुर में चाय की दुकान किए हैं। उसका एक छोटा भाई भी है। कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।