छिबरामऊ। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार दंपती और उनके मासूम बेटे को पीछे से आए ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
ग्राम नौली निवासी अजीत कुमार कश्यप (34) बुधवार को पत्नी शीला (32) और बेटे दर्श (3) के साथ बाइक से नवीगंज के पास स्थित टोडरपुर गांव जा रहे थे। बताया गया कि वहां उनके साढ़ू भाई श्याम सिंह के पुत्र रितेश की शादी थी। कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर फूटी पुलिया के पास पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद शीला को राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया जबकि अजीत कुमार और उनके बेटे दर्श का इलाज अस्पताल में चल रहा है।