सूना घर पाकर चार चोर अंदर घुस गए। खटपट सुनकर आए
परिजनों ने घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास तो चोरों ने लाठियों से हमला कर
दिया। इससे गृहस्वामी का भाई घायल हो गया। तीन चोर तो भाग गए, किंतु एक चोर
परिजनों के हत्थे चढ़ गया। फरार चोर एक लाख रुपये और जेवर ले गए। पकड़े गए
चोर को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव
शुक्लनपुरवा निवासी अवधेश शुक्ला पुत्र सूरज प्रसाद ने दर्ज कराई रिपोर्ट
में बताया कि बुधवार की रात मोहल्ले में तिलक समारोह था। उनका पूरा परिवार
दावत खाने गया था। घर सूना पाकर रात में चार चोर अंदर घुस गए और चोरी करने
लगे।
इसी बीच उनका भतीजा शिवम घर पहुंचा तो उसे खटपट की आवाज सुनाई
दी। चोर होने की आशंका पर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर उनके
भाई अखिलेश भी पहुंच गए। अखिलेश और शिवम ने चोरों को पकड़ने का प्रयास किया
तो चोरों ने लाठियों से हमला बोल दिया। सिर पर लाठी लगने से अखिलेश घायल
हो गए। इस बीच अन्य गांव वाले दौड़ पड़े।
धक्कामुक्की के बीच शिवम
ने एक चोर को धर दबोचा। पकड़ा गया तो चोर गांव का ही कुतुबुद्दीन पुत्र
अल्लाबक्स है। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
गृहस्वामी अवधेश ने
बताया कि चोर मकान बनवाने के लिए घर में रखा एक लाख रुपया, एक सोने का
हार, दो सोने की अंगूठी चुरा ले गए। ठठिया थाना पुलिस ने कुतुबुद्दीन को
पूछताछ के बाद जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि उसने अपने अन्य साथियों के
नाम भी बताए है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।