कन्नौज। नगर स्थित रोडवेज बस स्टैंड पर गुरुवार की देर रात एक रोडवेज कर्मी की डीसीएम चालक से नोकझोंक हो गई। मामला इतना तूल पकड़ गया कि देखते ही देखते गालीगलौज शुरू हो गई और बात मारपीट तक पहुंच गई। रोडवेज कर्मी ने डीसीएम चालक को पीट दिया जिससे जीटी रोड पर यातायात बाधित हो गया।
रोडवेज डिपो का बस चालक स्टैंड पर बस ले जाने का प्रयास कर रहा था। तभी सामने से आ रहे डीसीएम चालक ने बस मुड़ने से पहले निकलने का प्रयास किया। इससे बस और डीसीएम में टक्कर होते बची। इस कारण रोडवेज कर्मी आपा खो बैठा और डीसीएम चालक से गालीगलौज करते हुए पीटने के लिए पहले जूता उतारने का प्रयास किया। जूता जब नहीं उतर सका तो थप्पड़ से पिटाई कर दी। यहां रोडवेज के कर्मी होने की वजह से डीसीएम चालक अकेला पड़ गया और फिर वह डीसीएम लेकर चला गया। यातायात प्रभारी रवि शंकर त्रिपाठी ने बताया कि इस संबंध में जानकारी नहीं है। रात आठ बजे यातायात कर्मी की ड्यूटी समाप्त हो जाती है।