तिर्वा। क्षेत्रीय आस्था के प्रमुख केंद्र सिद्धपीठ बाबा दौलेश्वर मंदिर के विकास को लेकर विधायक कैलाश राजपूत ने शनिवार को पहल तेज कर दी है। उन्होंने प्रदेश सरकार के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से मुलाकात कर मंदिर के जीर्णोद्धार एवं सुंदरीकरण के लिए प्रस्ताव सौंपा।
मुलाकात के दौरान विधायक ने मंत्री को बताया कि कस्बे स्थित बाबा दौलेश्वर मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां दूर-दराज से बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर का समुचित विकास न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि पर्यटन की संभावनाओं को भी नई गति देगा।
विधायक के प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने इसे शीघ्र स्वीकृति देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। विधायक ने विश्वास जताया कि मंदिर के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण से क्षेत्र में पर्यटन को नई पहचान मिलेगी, जिससे स्थानीय रोजगार और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।