संवाद न्यूज एजेंसी
कन्नौज। ट्रेन पर सफर करने के लिए दो महीने पहले से आरक्षण प्रक्रिया शुरू हो जाती है। कई लोग पूर्व में कराए गए टिकट पर निजी कारणों से नियत तिथि पर यात्रा नहीं कर पाते हैं, ऐसे में उन्हें टिकट निरस्त कराना पड़ता है। जिसके लिए रेल प्रशासन द्वारा शुल्क लिया जाता है। जिससे रेलयात्रियों को टिकट की पूरी कीमत वापस नहीं मिल पाती है। अब रेल प्रशासन ने आरक्षित टिकट की तिथि बदलने पर लगने वाला शुल्क समाप्त कर दिया है, इससे रेलयात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
रेलवे की आरक्षित टिकट के नियमों में सबसे बड़ा बदलाव यह है कि यदि कोई यात्री कन्फर्म टिकट की तिथि बढ़ाना चाहें तो मामूली शुल्क देकर बढ़ा सकते हैं, लेकिन यह सुविधा ट्रेन के नियत समय से 24 घंटे पहले तक दी जाएगी। इसके अलावा रद्दीकरण शुल्क में कुछ बदलाव किए गए हैं। ट्रेन जाने से 48 से 12 घंटे पहले टिकट निरस्त कराने पर टिकट मूल्य का 25 प्रतिशत शुल्क काटा जाता है। जबकि 12 से चार घंटे पहले टिकट मूल्य का 50 प्रतिशत शुल्क काटा जाता है। वहीं चार्ट तैयार होने के बाद कन्फर्म टिकट को ऑनलाइन रद्द नहीं किया जा सकता है, लेकिन यात्री ऑनलाइन टीडीआर (टिकट जमा रसीद) जमा कर सकते हैं। जबकि कन्फर्म तत्काल टिकट रद्द करने पर कोई रिफंड नहीं मिलता है। इसी प्रकार प्रतीक्षा सूची और आरएसी टिकट चार्ट तैयार होने से 30 मिनट पहले तक रद्द करने पर प्रति यात्री सिर्फ 60 रुपये शुल्क लगता है।
रेल यात्री अब अपनी कन्फर्म टिकट की तारीख बिना किसी अतिरिक्त भुगतान के बदल सकते हैं। यह एक नया नियम है जो आखिरी समय में यात्रा की योजना बदलने वाले यात्रियों के लिए बहुत उपयोगी है।
कन्फर्म टिकट की तिथि की बढ़ाने पर रेलयात्रियों को मामूली शुल्क देना होता है। इसके अलावा टिकट निरस्त करने पर भी अब पहले की अपेक्षा काफी कम शुल्क लिया जा रहा है। इससे रेलयात्रियों को राहत मिल रही है।
-राजकुमार वर्मा, मंडल वाणिज्य निरीक्षक (पूर्वोत्तर रेलवे)