अमोलर-तालग्राम। विकास खंड तालग्राम के लोहिया ग्राम घुसुआपुर एक माह से बिजली न आने से गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार को हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीण सुबह गांव के बाहर निकल आए और बिजली विभाग मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लाइन ठीक करने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया। इसके साथ ही 48 घंटे में समस्या का समाधान न होने पर डीएम से शिकायत करने की बात कही।
तालग्राम क्षेत्र के घुसुआपुर गांव के डेलीगेट हेतराम की अगुवाई में दर्जनों ग्रामीणों नेशनिवार की सुबह एकत्रित होकर टूटे पोल व ट्रांसफार्मर के पास बिजली विभाग के खिलाफ हंगामा करते हुए नारेबाजी की। ग्रामीणों ने खराब बिजली को शीघ्र ठीक कराने की मांग की। गांव के पूर्व प्रधान ऊदल सिंह, सूरज प्रसाद के अलावा ग्रामीण तुलसीराम, सूबेदार, राजेश अजय कुमार, पंकज, कल्लन, पप्पू, कमलेश, आदेश, बलराम, आत्माराम, मुनीम, जगदीश आदि ने बताया कि एक साल पहले गांव में लोहिया ग्राम के तहत विद्युतीकरण कराया गया था।
शुरू में ही घटिया निर्माण सामग्री लगाने पर विरोध जताया गया था लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिससे अक्सर बिजली पोलों पर करंट उतरने से हादसे हो रहे हैं। गांव के रामपाल की भैंस कुछ दिन पहले करंट की चपेट में आने से मर गई थी। वहीं गांव में एक पोल पर लगा ट्रांसफार्मर टूटा पड़ा है। एक माह बीत जाने के बाद भी न तो बिजली विभाग ने पोल लगाया और न ही लाइन ठीक की है। जिससे गांव में बिजली संकट है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लाइनमैन 3000 रुपये मांग रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि 48 घंटे में लाइन शुरू न हुई तो वह डीएम से शिकायत दर्ज कराएंगे। जेई रमेश कुमार मौर्या ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। फिर भी जांच कर लाइन ठीक कराने का प्रयास करेंगे।