कन्नौज। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर हिंदू रक्षा समिति की ओर से मंगलवार को जुलूस निकाला गया। साधू-संतों की अगुवाई में जुलूस में बांग्लादेश के खिलाफ नारेबाजी की गई। साधु-संतों व हिंदुओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। इसके बाद जुलूस निकालने के लिए सरायमीरा स्थित काली दुर्गा मंदिर परिसर में लोग एकजुट हुए और हाथों में तख्तियां पकड़कर हिंदू विरोधी ताकतों के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान हिंदू रक्षा समिति ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी आशीष कुमार सिंह को सौंपा।
ज्ञापन में हिंदू रक्षा समिति ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के नरसंहार के खिलाफ लोगों ने सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया। काली दुर्गा मंदिर से साधु-संताें की अगुवाई में हिंदू जागरूकता रैली निकाली गई। रैली अंधी मोड़, रेलवे रोड, बस स्टैंड, तहसील, तिर्वा क्रासिंग होते हुए कलक्ट्रेट पहुंची, जहां हिंदुओं ने धरना-प्रदर्शन किया।
पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने कहा कि बांग्लादेश में आज जो भी हो रहा है। वही कल हिंदुस्तान में भी होगा। यदि जेहादी ताकतों से लड़ना है तो जातिवाद छोड़कर हिंदुओं को एकजुट होना पडे़गा। यदि आप जातियों में बंटे रहेंगे तो आत्मविश्वास कमजोर होता जाएगा। इस दौरान तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, व्यापारी नेता अनिल गुप्ता, पवन पांडेय, गोपाल चतुर्वेदी, पंकज मिश्रा, आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।