कन्नौज। खेत की जोताई के दौरान शुक्रवार को नंदी की विशालकाय प्रतिमा निकली। सूचना क्षेत्र में फैलते ही लोगों की भीड़ जुटने लगी। मौके पर राजस्व टीम के साथ पहुंचे एसडीएम ने मौके का जायजा लिया। किसान ने बताया कि उसे दो-चार दिन खेत की जोताई व बोआई करने से रोका गया है।
सदर कोतवाली के चौरा चांदपुर गांव में गुरुवार की रात मढ़हरपुर निवासी बसारत आलू बोआई के लिए खेत की जोताई करवा रहे थे। इसी बीच अचानक हल की खुरपी पत्थर में फंस कर टूट गई। खोदाई करने पर पत्थर की करीब पांच फीट लंबी (अनुमानित वजन 500 किलोग्राम) नंदी की प्रतिमा निकली। किसान ने मामले की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल ब्रजेश कुमार को दी।
लेखपाल के साथ उप जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर सुबह पहुंचे। वहीं, प्रतिमा देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। किसान ने बताया कि अधिकारियों ने शांति व सुरक्षा के मद्देनजर फिलहाल किसान को खेत की जोताई व बोआई करने से रोक दिया है।
प्रतिमा गांव के ही एक मंदिर में सुरक्षित रखवा दी गई है। उप जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने बताया कि नंदी की प्रतिमा को पास के एक मंदिर में रखवा दिया है। डीएम ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को पत्र भेजा है। इसकी जांच की जाएगी और पुरातत्व विभाग के अधिकारी ही निर्णय लेंगे।