सौरिख। क्षेत्र के डडुअन नगला गांव में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के लीक हो जाने से झोपड़ी में आग लग गई। आग की चपेट में आकर गृहस्थी का सामान समेत दस हजार रुपये की नकदी जलकर राख हो गई। आग बुझाते समय झोपड़ी स्वामी के हाथ पैर झुलस गए।
थाना क्षेत्र के डडुअन नगला निवासी रामशरन (64) अपनी झोपड़ी में सुबह करीब 11:30 बजे खाना बना रहे थे। अचानक सिलिंडर लीक हो गया और आग लग गई। रामशरन ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन कुछ ही देर में आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के प्रयास में रामशरन के हाथ पांव बुरी तरह से झुलस गए।
इस बीच झोपड़ी में आग लगी देख गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने पानी व मिट्टी आदि डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपड़ी में रखे कपड़े, चारपाई, दस क्विंटल गेहूं, एक क्विंटल सरसों, पंखा समेत अन्य गृहस्थी का सामान व 10 हजार रुपये की नकदी जलकर खाक हो गई। सूचना पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल ने मामले की जांच पड़ताल करते हुए रिपोर्ट अपनी उच्च अधिकारियों को भेजी है।