कन्नौज। शहर के मोहल्ला हाजीगंज स्थित अगरबत्ती कारखाने में बुधवार की शाम आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर दिया। दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण किया। कारखाना मालिक ने आग से तीन से चार लाख रुपये का नुकसान होने की बात कही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हाजीगंज निवासी गुड्डू ने बताया कि वह कारखाने में ताला बंद करके घर चले गए। थोड़ी देर बाद लोगों से जानकारी मिली कि कारखाने में आग लग गई। अचानक लगी आग से कारखाने में रखे बुरादे से भरे बोरे, सूखने के लिए पड़ा अगरबत्ती का बुरादा और कोयला जलने लगा। आग की लपटें और धुआ देखकर पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल की टीम मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि किसी जलती हुई बीड़ी या सिगरेट से अगरबत्ती के बुरादे ने आग पकड़ ली है। फायर स्टेशन प्रभारी संदीप तंवर ने बताया कि अगरबत्ती कारखाने में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।