तिर्वा। राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर के आवास में संदिग्ध अवस्था में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का शव रविवार को मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गोरखपुर के राप्तीनगर गांव निवासी राजन (28) मेडिकल कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी में कार्यरत था और मेडिकल कॉलेज परिसर टाइप एक के कमरा नंबर 16 में अकेला रहता था। रविवार देर शाम बगल के कमरे में रहने वाले एंबुलेंस चालक ने राजन को आवाज दी। बाहर न निकलने पर कमरे के दरवाजे पर पहुंचा तो देखा वह खुला मिला। कमरे के अंदर देखा तो बेड पर राजन पड़ा था और उसके मुंह से खून निकल रहा था।
चालक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी और फॉरेंसिक टीम को सूचना दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर गहन जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। घटना की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।