मिरगावां। नेशनल हाईवे पर शनिवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार युवक की सिर में चोट लगने से मौत हो गई और हेलमेट भी टूट गया। युवक बहन को विदा कराने के लिए उसकी ससुराल जा रहा है। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी।
हरदोई के थाना मल्लावां के गांव चपरकला निवासी रूपलाल राजपूत ने कोतवाली गुरसहायगंज के गांव अमरौली में कुछ दिनों पहले पुत्री की शादी की थी। शुक्रवार को उनका पुत्र कौशल राजपूत (20) बाइक से बहन को विदा कराने के लिए अमरौली जा रहा था।
अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर गुरसहायगंज के मिरगावां गांव के सामने शनिवार दोपहर तीन बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर में टकराकर पलट गई। कौशल उछलकर गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सिर में लगा हेलमेट भी टूट गया। राहगीरों की सूचना पर कोतवाल आलोक दुबे फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने छानबीन कर शव जिला अस्पताल भेजा। कोतवाल ने बताया कि डिवाइडर में बाइक टकराने से युवक की मौत हुई है।