तिर्वा (कन्नौज)। कस्बे के दुर्गा नगर मोहल्ला स्थित पुरानी तहसील परिसर में सोमवार की शाम 7 बजे अचानक राजा के जमींदारी रिकार्ड रूम में रहस्यमय ढंग से आग लग गई। हवा की झोंकों के चलते यह आग पूरे परिसर में फैल गई। पुराने निबंधक कार्यालय और एसडीएम, तहसीलदार के पुराने कार्यालयों को भी आग ने चपेट में ले लिया। समाचार लिखे जाने तक फायर बिग्रेड की दो गाड़ियां आग बुझाने में लगी थी। पर आग पर काबू नहीं पाया जा सका था। राजा दुर्गा नरायन सिंह की पुरानी हवेली काफी समय से तहसील प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में थी। इसी परिसर में तहसील के नए भवन के बनने से पहले एसडीएम कार्यालय एवं निबंधक कार्यालय चलाया जा रहा था। सोमवार की शाम सात बजे करीब जमींदारी रिकार्ड रुम से आग की लपटें देखकर मोहल्ले में सनसनी फैल गई। तेज हवा के चलते आग ने एसडीएम के पुराने कार्यालय, रिकार्ड रुम, तहसीलदार के पुराने कार्यालय, न्यायालय, निबंधक का पुराना कार्यालय परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम मनोज सिंघल, कोतवाल खुर्शीद आलम ने फायर बिग्रेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की दो गाड़ियां भी आग पर काबू पाने में नाकाम दिख रही हैं। उधर एसडीएम मनोज राय के मुताबिक आग बुझाने के लिए जिला प्रशासन से और गाड़ियों की मांग की गई है। उधर चर्चा है कि निबंधक कार्यालय में काफी रिकार्ड आज भी मौजूद है, जो कि आग की चपेट में आ गया है। एसडीएम मनोज सिंघल का कहना था कि आग बुझने के बाद ही क्षति का आंकलन हो पाएगा। समाचार लिखे जाने तक आग पूरे तेवर में थी।