मिरगाँवा (कन्नौज)। शुक्रवार की देर रात कस्बे के बाहर बने हनुमान मंदिर में प्रसाद लेने आये दो युवकों ने महंत को मारपीट कर घायल कर दिया। महंत की चीख पुकार सुन ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो दोनों युवक फरार हो गये। घटना की नामदर्ज तहरीर कोतवाली गुरसहायगंज में दी गयी है।
कोतवाली गुरसहायगंज के अंतर्गत पड़ने वाले मिरगांवा गांव के बाहर हनुमान मंदिर है। मंदिर की देखरेख व पूजापाठ के लिए मध्यप्रदेश के निवासी महंत स्वामी गोपालनंदन को रखा गया है। रात के लगभग 10 बजे गांव के ही प्रकाश पुत्र सत्यमोहन, बन्टू पुत्र कैलाश मंदिर पहुंचे। महंत के अनुसार दोनों युवकों ने उनसे प्रसाद मांगा। जब वह प्रसाद देने के लिए मंदिर में बनी कोठरी में पहुंचे तो पीछे से पहुंचे दोनों युवकों ने मारपीट शुरू कर दी। चीख पुकार सुन पास के मकानों में मौजूद लोग मंदिर की और दौड़ पड़े। इस पर दोनों युवक मौके से फरार हो गये। लोगों के ढूढ़ने पर आरोपी नहीं मिले। तत्पश्चात ग्रामीण घायल महंत को लेकर कोतवाली गुरसहायगंज पहुंचे और घटना की नामदर्ज तहरीर दी। वही ग्रामीण सरदारी सिंह, धनीराम, रामसनेही, मुनीश, रामेश्वर, सुधीर कुमास, सीपू, नीरज, गुड्डू, नन्हे भइया, भइयालाल व सत्यवीर आदि ने महन्त पर हुये हमले की निन्दा करते हुये प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की जाये।