छिबरामऊ (कन्नौज)। नगर के अस्पताल रोड तिराहे के पास शुक्रवार की दोपहर तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से दूसरी बाइक में टक्कर मार दी। इससे छात्रा समेत उसका भाई घायल हो गया। पीड़ित ने थाने में दुर्घटना की तहरीर दी है। अन्य हादसे में दंपति घायल हो गए।
ग्राम निजामपुर निवासी शिवलेंद्र सिंह यादव उर्फ प्रांशू पुत्र शिव सिंह अपनी बहन पारूल यादव को बीएससी प्रथम वर्ष की प्रयोगात्मक परीक्षा दिलाने चौ.वीरभान सिंह महाविद्यालय चतुरीपुर ले गया था। वहां से लौटते समय अपराह्न करीब 2.30 बजे जब वह रोडवेज बस स्टैंड से आगे अस्पताल रोड तिराहे के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे पारुल उछलकर दूर जा गिरी जबकि प्रांशू के भी चोटें आईं हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया।
उधर दुर्घटना के बाद भाग रहे बाइक सवार ने अबरार भांगड़ा वाले की दुकान में टक्कर मार दी। इससे उसकी बेंच व दो ढोल टूट गए जबकि दुकान पर बैठा लड़का सलमान बाल बाल बच गया। इसी क्रम में गुरुवार को देर रात जीटी रोड घिलोई के पास किसी वाहन की टक्कर से बाइक से आ रहे नगर के मोहल्ला कोलियान निवासी ब्रजेंद्र कुमार पुत्र श्रीपाल व उनकी पत्नी बीना घायल हो गई। रात करीब पौने 10 बजे दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।