छिबरामऊ (कन्नौज)। रोडवेज बस में यात्रा कर रहा एक युवक जहरखुरानी का शिकार हो गया। जहरखुरानी गिरोह के सदस्य उससे 25 हजार रुपये सहित अन्य सामान लूट ले गए। परिचालक युवक को बेहोशी की हालत में तालग्राम तिराहे के पास उतार कर चला गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम जादेपुर्वा निवासी रामपाल का बेटा जयवीर (20) पानीपत में एक धागा बनाने वाली फैक्ट्री में नौकरी करता है। रविवार को वह रोडवेज की बस से गांव लौट रहा था। रास्ते में वह जहरखुरानी का शिकार हो गया। सीट पर बेहोशी की हालत में युवक को पड़ा देख परिचालक ने उसे नगर के तालग्राम तिराहे के पास उतार कर चला गया। सड़क किनारे बेहोशी की हालत में युवक को पड़ा देख लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान किसी ने 108 पर फोन कर इसकी सूचना एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस से उसे नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद होश आने पर परिजन उसे अपने साथ गांव ले गए। जयवीर के अनुसार गिरोह के लोग उसके जेब में रखे 25 हजार रुपये, दो मोबाइल, एक बैग सहित अन्य सामान भी लूट ले गए।