इंदगरगढ़ (कन्नौज)। थाना क्षेत्र के बेलामऊ सरैंया गांव में मंगलवार सुबह प्लास से युवक के हाथ पैर के नाखून उखाड़ने के बाद गोली मार दी गई। इलाज के दौरान युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने पटेल नगर तिराहे पर शव रख रास्ता जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने समझा बुझा कर करीब तीन घंटे बाद रास्ता खुलवाया। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
बेलामऊ सरैंया गांव निवासी प्रमोद कुमार वर्मा (20) पुत्र प्रेमचंद्र वर्मा मंगलवार सुबह शौच के लिए खेतों की ओर गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद गांव के रमेश, राजबहादुर पुत्रगण मैकूलाल और रमेश की पत्नी सावित्री ने उसे दबोच लिया। उसके मुंह में कपड़ा ठूंस कर प्लास से पैर व हाथ के नाखून उखाड़े । इनका गुस्सा इससे भी शांत नहीं हुआ तो तमंचे से कनपटी पर गोली मार दी। युवक को मृत समझ ़हमलावर भाग गए। गोली चलने की आवाज सुन आसपास के खेतों में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और प्रमोद को लहूलुहान देख उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराए। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सक ने कानपुर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे कानपुर ले जा रहे थे कि रास्ते में दोपहर करीब 1:30 बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने प्रमोद का शव इंदरगढ़ तिराहे पर रखकर सौरिख जाने वाले मार्ग पर जाम लगा दिया। परिजन घटना की नामजद रिपोर्ट दर्ज करने की मांग कर रहे थे, जबकि पुलिस घटना को आत्महत्या बता कर टरका रही थी। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने इंदरगढ़ थाने में मृतक के चचेरे भाई वृजकिशोर से तहरीर ली। इसमें रमेश, राजबहादुर व सावित्री को नामजद किया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी रमेश को गिरफ्तार कर लिया। सीओ एके राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। हत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है। दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है।
----