अमर उजाला विशेष
डा. राम मनोहर लोहिया योजना से लगाए जाएंगे 18 नए ट्यूबवेल
मार्च 2015 तक काम पूरा कराने का लक्ष्य किया गया है निर्धारित
ट्यूबवेल से खेतों तक पाइप लाइन डालकर पहुंचाया जाएगा पानी
अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज। जिले के 40 गांवों में सिंचाई का संकट दूर करने के लिए डा. राम मनोहर लोहिया योजना के तहत 18 ग्राम पंचायतों में सरकारी नलकूप की स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री के फरमान के बाद वित्तीय वर्ष 2014-15 के तहत ये नलकूप लगेंगे। ग्राम पंचायतों का चयन पूर्ण हो गया है। स्थान चयनित करने की कवायद पूरी होते ही नलकूप की कोठरी का निर्माण व बोरिंग का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
नलकूप खंड के अधिशासी अभियंता कार्यालय के अनुसार इस वर्ष कन्नौज विकास खंड क्षेत्र के गांव चांदापुर, गोपालपुर, उमर्दा ब्लाक क्षेत्र के गांव नालेपुरवा, वहसुइया, मवइया, निकारीपुरवा, मोहनपुर, बेहरापुर गैसापुर, सौरिख ब्लाक क्षेत्र के गांव नगला विशुना, कुल्लू खेड़ा, हसेरन ब्लाक क्षेत्र के गांव करसा, मलगवां, छिबरामऊ ब्लाक क्षेत्र के गांव मछरिया त्योर, करमुल्लापुर, भूटा बनवारी, छछौना मिघौली में नया नलकूप लगवाने को मंजूरी मिली है। इस आशय का पत्र शासन की तरफ से नलकूप खंड कार्यालय को मिल गया है। एक नलकूप की क्षमता 50 हेक्टेयर कृषि क्षेत्रफल की सिंचाई करने की है। सिंचित क्षेत्र के किसानों के खेतों को पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन डाली जाएगी। डीएम ने नलकूप खंड के अधिशासी अभियंता एसके त्रिवेदी को इन नलकूपों के निर्माण की मानीटरिंग करने की जिम्मेदारी सौंपी है। इन ट्यूबवेलों से जलापूर्ति शुरू होने के बाद करीब 40 गांवों में सिंचाई का संकट खत्म हो जाएगा। मार्च 2015 तक नलकूपों से जलापूर्ति शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। एक नलकूप की क्षमता एक क्यूसेक पानी देने की है। एक नलकूप की लागत 20 लाख रुपये से अधिक आएगी।
पानी की टंकियों के लिए दूसरी किश्त मिली
कन्नौज। त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत पानी की छह टंकियों का निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए प्रदेश सरकार ने दूसरी किश्त में 11 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक की धनराशि दे दी है। यह रुपया कार्यदाई संस्था जलनिगम को उपलब्ध भी करा दिया गया है। जिलाधिकारी कार्यालय के अनुसार सहिल्यापुर टंकी के लिए 7.5 लाख रुपये, निगोह खास के लिए 80.36 लाख रुपये, ब्राहिमपुर निजामपुर के लिए 100.57 लाख रुपये, औसेर के लिए 327.61 लाख रुपये, खैरनगर के लिए 247.18 लाख रुपये और रामपुर मझिला में निर्माणाधीन टंकी को पूर्ण करने के लिए 391.95 लाख रुपये की धनराशि मिली है।