मेडिकल कालेज प्राचार्य को आज सौंपी जाएगी जांच रिपोर्ट
गर्ल्स स्टूडेंटस ने भी मेस संचालक के खिलाफ लगाए आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
तिर्वा (कन्नौज)। राजकीय मेडिकल कालेज में छात्रों के हंगामे के बाद कैंटीन संचालक के खिलाफ जांच शुरू हो गई है। जांच कमेटी मंगलवार को प्राचार्य को रिपोर्ट सौंपेगी। उधर सोमवार को मेडिकल कालेज की गर्ल्स स्टूडेंटस ने भी प्राचार्य को ज्ञापन देकर गर्ल्स हास्टल में चल रही मेस के संचालक के खिलाफ शिकायत की। इस पर प्राचार्य ने बायोकेमेस्ट्री की एचओडी को जांच के निर्देश दिए हैं।
मेडिकल कालेज के ब्वायज हास्टर के छात्रों ने शनिवार को हंगामा किया था। उन्होंने कैंटीन संचालक पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। इस पर प्राचार्य ने सोमवार से कैंटीन संचालक को बदलने का आश्वासन दिया था। रविवार को प्राचार्य ने कैंटीन संचालक के खिलाफ जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया। इसमें ईएनटी के विभागाध्यक्ष डा. संदीप कौशिक को अध्यक्ष का दायित्व सौंपते हुए दो दिन में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। कमेटी ने सोमवार से जांच शुरू कर दी है। डा. संदीप कौशिक ने बताया कि मंगलवार को वह जांच रिपोर्ट प्राचार्य को सौंपेंगे। उधर प्राचार्य डा. पीके सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नए ठेकेदार के लिए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। इसी क्रम में सोमवार दोपहर करीब दो दर्जन एमबीबीएस प्रथम व द्वितीय वर्ष की दो दर्जन छात्राओं ने प्राचार्य को ज्ञापन देकर गर्ल्स हास्टल में चल रही कैंटीन के कर्मचारियों की शिकायत की। शिकायती पत्र में बताया कि गर्ल्स हास्टल में चल रही कैंटीन के कर्मचारी छात्राओं से अभद्रता करते हैं। रविवार से मेस बंद चल रही है, इस शिकायत पर प्राचार्य ने गर्ल्स हास्टल की वार्डेन डा .रीना संत को जांच पड़ताल करने के निर्देश दिए हैं।