तिर्वा (कन्नौज)। प्रदेश शासन के विशेष सचिव शिवसिंह यादव ने बुधवार की शाम उमर्दा विकास खंड के लोहिया गांव नौरंगपुर नगरिया के प्राथमिक विद्यालय में चौपाल लगाकर गांव में कराए गए विकास कार्यो का भौतिक सत्यापन किया। मौजूद नागरिकों से विकास कार्यो के बाबत जानकारियां हासिल कीं। उनकी समस्याएं भी पूछीं। काम सही मिलने पर जिले के अफसरों की पीठ भी थपथपाई।
विशेष सचिव का काफिला शाम 5 बजे के करीब प्राईमरी पाठशाला नगरिया में पहुंचा। सबसे पहले जिलाधिकारी राजेश कुमार, विशेष सचिव, सीडीओ ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इसके बाद विकास कार्यो के सत्यापन का सिलसिला शुरू हुआ। सीडीओ उदयराज यादव ने बताया कि वर्ष 2013-14 में इस गांव को चयनित किया गया था। अधिशाषी अभियंता विद्युत पी. राम ने बताया कि गांव में विद्युतीकरण का काम पूरा किया जा चुका है। अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण ने बताया कि तिर्वा-गुरसहायगंज मार्ग से गांव तक के लिए एक किमी डामरीकृत मार्ग का काम पूरा हो चुका है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीश यादव ने बताया कि गांव में प्राईमरी पाठशाला व पूर्व माध्यमिक विद्यालय का भवन बनवाया गया है। अतिरिक्त कक्ष व किचन शेड का कक्ष भी बनाया जा चुका है। विद्यालय में हैंडपंप व शौचालय ठीक हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी व जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी ने गांव में विधवा, वृद्धा व विकलांग पेंशन पाने वाले पात्रों की जानकारी दी। विशेष सचिव ने सभी ग्रामीणों से इस बारे में तस्दीक की। आंगनबाड़ी सेंटर व राशन की दुकान का काम भी संतोषजनक पाया गया। कार्यक्रम के दौरान नगरिया गांव पहुंचे प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल, जिलाधिकारी व विशेष सचिव ने संयुक्त रूप से विद्यालय में मौजूद छात्रों को निशुल्क दी जाने वाली पुस्तकों का वितरण किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी महेशचंद्र शर्मा, सीओ अमित राय, तहसीलदार राकेश सोनी सहित जिलास्तरीय कई अधिकारी मौजूद रहे।