कन्नौज। पीएसएम महाविद्यालय में मंगलवार को सपा, भाजपा, बसपा प्रत्याशियों के विधानसभावार अभिकर्ताओं को गणना का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उनको गणना के नियम बताए गए।
एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला ने बताया कि तीन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना 16 मई को सुबह आठ बजे शुरू हो जाएगी। विधानसभावार बने प्रत्येक मतगणना स्थल पर चौदह टेबिले होगी। मतगणना स्थलों पर बैरीकेडिंग लगाकर अभिकर्ताओं की बैठने की व्यवस्था की गई है। राउंडवार मतों की गणना की जानकारी मतगणना केंद्र के बाहर उपस्थित लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से दी जाएगी। तीनों विधानसभा क्षेत्रों के नियुक्त किए जाने वाले अभिकर्ताओं का पहचान पत्र अलग-अलग रंगो का होगा। मतगणना अभिकर्ताओं स्थल पर एक बार प्रवेश हो जाने पर मतगणना की समाप्ति के बाद ही स्थल छोड़ेंगे। सीडीओ उदयराज यादव ने बताया कि कंट्रोल यूनिट को कैरिंग केस से बाहर निकालने से पहले इस पर लगे एड्रेस टैग तथा यूनिट के साथ उपलब्ध फार्म 17 सी पर अंकित सीयू नंबर का मिलान करेंगे। कैरिंग केस से सील हटने के बाद कंट्रोल यूनिट को बाहर निकालकर मतगणना टेबुल पर रख लें तथा प्रत्याशी के एजेंटस के सामने उसकी आउटर पेपरशील, स्पेशल टैग तथा ग्रीन पेपरसील की जांच करेंगे। सभी सीले सही होने पर मशीन से मतगणना शुरू की जाएगी। पूर्व प्रधानाचार्य एनसी टंडन ने ईवीएम मशीन को अभिकर्ताओं को दिखाकर बताया कि मतगणना शुरू होने पर सबसे पहले कंट्रोल यूनिट स्विच आन करेंगे। स्विच आन करते ही डिस्पले सेक्शन में हरे रंग की बत्ती जल जाएगी। रिजल्ट सेक्शन के इनर कवर में ऊपर वाले छेद की पेपरसील को उंगली से फाड़ दे। रिजल्ट बटन दबाए। रिजल्ट बटन को दबाते ही प्रत्येक प्रत्याशी के पक्ष में दिए गए मतों की संख्या कंट्रोल यूनिट के डिस्प्ले सेक्शन पर प्रदर्शित होने लगती है। गणना पर्यवेक्षक सावधानी से प्रदर्शित प्रत्याशियों के पक्ष में दिए गए मतों की संख्या फार्म 17 पर अंकन करेंगे। अभिकर्ताओं को अन्य जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर भाजपा से बनवारीलाल दोहरे, तरुण चंद्रा, कल्यान सिंह, बसपा से कमलेश कटियार, सपा से रजनीकांत यादव, संजू कटियार, हसीब हसन सहित अन्य राजनीतिक दल के पदाधिकारी मौजूद रहे।
-----------
मोबाइल पूर्णतया रहेगा प्रतिबंधित
मुख्य विकास अधिकारी उदयराज यादव ने कहा कि मतगणना के दिन राजनीतिक दलों के अभिकर्ता व चुनाव डयूटी में लगे कर्मचारी मोबाइल के साथ प्रवेश नहीं कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि मोबाइल के साथ आने वालों को किसी भी दशा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वह मोबाइल रखने की व्यवस्था पहले से ही स्वयं कर ले। ताकि समय से उनको मतगणना स्थल पर प्रवेश दिया जा सके।
-----------
फोटो 13 केएनजेपी-13प्रशासन द्वारा चक्रवार गणना अंकित करने के लिए तैयार कराया गया बोर्ड
मतगणना में 228 कर्मियों की लगी ड्यूटी
आगामी 16 मई को मंडी समिति में होने वाली मतगणना के लिए 228 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सीडीओ के मुताबिक प्रत्येक विधानसभा में मतगणना के लिए 14 टेबिल रहेंगी। इसमें प्रति विधानसभा 57 की ड्यूटी लगाई गई है। जबकि 57 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है। कन्नौज विधानसभा 31, तिर्वा 32 व छिबरामऊ की 33 चक्रो में मतगणना पूरी होगी। प्रत्येक चक्र की मतगणना पूरी होने के बाद विधानसभावार बनवाए गए बोर्ड पर मतों को अंकित किया जाएगा।