अमोलर/तालग्राम (कन्नौज)। गर्मी आते ही राजकीय नलकूपों का धीरे-धीरे खराब होने का सिलसिला लगातार जारी है। इससे क्षेत्र के सैकड़ों किसानों की हजारों बीघा फसल सूखने की कगार पर है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों से कई बार नलकूप की खराबी को दुरुस्त कराने की शिकायत कर चुके हैं इसके बाद भी अभी तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है।
क्षेत्र के गांव पलरी निवासी बेचेलाल, रामदास, संतराम, भैया लाल, विद्या स्वरूप ने बताया कि उनके गांव में राजकीय नलकूप संख्या 166 व 53 हैं। कहा कि दोनों नलकूपों की मोटरे बीते छह माह से जली पड़ी हैं लेकिन इसके बाद भी उन्हें सही नहीं करवाया गया है। बनियानी गांव के रहने वाले किसान जगत सिंह, अरविंद, जंटर, राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि उनके यहां नलकूप संख्या 167 बीते चार माह से सूखा पड़ा है। मोटर जली होने के कारण खेतों की सिचाई नहीं हो पा रही है। वहीं रनवां में स्थापित नलकूप संख्या 52 भी मोटर फुंकी होने के कारण बीते दो माह से खराब है। इस संबंध में जब राजकीय नलकूप विभाग के जेई इंद्रजीत कटियार से संपर्क किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही मोटर व बिजली संबंधी खराबी ठीक कराकर नलकूप चालू कराए जाएं वरना वे रोड जाम करंगे। अफसरों के दफ्तरों में जाकर घेराव करेंगे। फिर भी सुनवाई न हुई तो धरना देकर वहीं पर प्रदर्शन करके बैठ जाएंगे। तब तक नहीं उठेंगे जब तक कि नलकूप से पानी नहीं निकलने लगेगा।