छिबरामऊ (कन्नौज)। ग्राम पंचायत कुंवरपुर जनूं के मजरा पटकुलिया में कंडों के भठया में अचानक आग लग गई। जब तक आग बुझाई जाती तब तक भैंस बुरी तरह झुलस गई और 14 कुंतल भूसा जलकर राख हो गया। आग बुझाने के प्रयास में युवक भी गंभीर रूप से झुलस गया।
ग्राम पटकुलिया निवासी कप्तान सिंह की पुत्री सीमा की एटा जिले के ग्राम मिरहची से बारात आई हुई थी। परिवार तथा गांव के लोग बारात की विदाई की तैयारी में जुटे हुए थे। तभी शुक्रवार सुबह करीब 10.30 बजे कप्तान सिंह के भाई भवानी सिंह के घर से कुछ दूर लगे हजारों कंडों के दो भठयों में अचानक आग लग गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची उठती लपटों को देखकर गांव के लोग पानी की व्यवस्था कर बुझाने के प्रयास में जुट गए। इस बीच गांव के शमीम कबाड़ी वाले की समरसेबिल से पानी की जुगाड़ की गई तब कहीं जाकर आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि इस बीच किसी ने फायरबिग्रेड को सूचना दे दी, लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड पहुंचती तब तक आग पर काबू पाया जा चुका था। आग की चपेट में आकर भवानी सिंह की भैंस भी झुलस गई। वहां बंधे अन्य जानवरों को बचाने के प्रयास में भवानी सिंह का दामाद ग्राम मोतीनगर गंजडुडवारा निवासी मदन सिंह भी झुलस गया। आग लगने से करीब 14 कुंतल भूसा तथा हजारों कंडे जलकर राख हो गए। आग लगने की सूचना मिलते ही जिला पंचायत सदस्य रामप्रकाश शाक्य, कानूनगो गयासिंह राजपूत व लेखपाल विमलप्रकाश मिश्रा आदि भी मौके पर पहुंचे। उधर ग्राम प्रधान सर्वेशकुमार यादव ने शासन प्रशासन से अग्निपीड़ितों को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।