तिर्वा/नादेमऊ (कन्नौज)। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री पद के भाजपा उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा गुजरात से विकास का यूपी माडल कहीं बेहतर है। उन्होने कहा मोदी प्रदेश में सांप्रदायिक माहौल पैदा कर इसका चुनावी फायदा उठाना चाहते हैं। लेकिन सपा उनके मंसूबों को पूरा नहीं होने देगी।
शुक्रवार को नादेमऊ के रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा नरेंद्र मोदी के गुजरात माडल की पोल खुल गई है। दो साल में यूपी का जितना विकास हुआ है उतना गुजरात समेत किसी प्रदेश में नहीं हुआ। कन्नौज से अपने भावनात्मक संबंध की चरचा करते हुए उन्होंने कहा वह कन्नौज वोट मांगने नहीं आए हैं, बल्कि डिंपल को देश में सबसे अधिक वोटों से जिताकर इतिहास रचने के लिए जनता से अनुरोध करने आए हैं। कहा प्रदेश में सपा सरकार अभी तीन साल और चलेगी। इस दौरान वह कन्नौज को देश का सबसे प्रगतिशील संसदीय क्षेत्र बना देंगे। उन्होने कहा बसपा सुप्रीमो ने पहले ही हार मान ली है। इस वजह से वह प्रदेश में कम जनसभाएं कर रही हैं। जनसभा को सांसद डिंपल यादव, माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल, लोकसभा प्रभारी रामवृक्ष यादव, सदर विधायक अनिल दोहरे, छिबरामऊ विधायक अरविंद सिंह, उमर्दा के पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया।