छिबरामऊ (कन्नौज)। पारेषण खंड कानपुर के अधीक्षण अभियंता शेखर अग्रवाल ने बुधवार को नगर स्थित 220 केवी विद्युत स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया जल्द 100 एमवीए ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि कर लगभग 5 करोड़ कीमत का 160 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इससे दोनों जिलों के बाशिदों को ओवरलोडिंग की समस्या से निजात मिल जाएगी।
अधीक्षण अभियंता ने बुधवार को कन्नौज व फर्रूखाबाद को विद्युत आपूर्ति करने वाले विद्युत स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होने कंट्रोल रूम में अभिलेख देखे और फिर 132 केवी सेक्शन में लगे 40 व 63 एमवीए ट्रांसफार्मर की जांच की। आग लगने पर आपात स्थिति से निपटने के लिए लगाए गए मल्टीफायर सयंत्रों को अपने सामने चलवाकर देखा। निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में अधीक्षण अभियंता शेखर अग्रवाल ने बताया यह दो जिलों को विद्युत आपूर्ति करने वाला प्रमुख विद्युत स्टेशन है। इसके रखरखाव के नार्म्स के अनुसार मेंटीनेंस ठीक मिला। फिलहाल इस विद्युत स्टेशन में 100 व 160 कुल 260 एमवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर लगे हैं। इसमें से 100 एमवीए हटाकर 160 एमवीए लगाया जाएगा। इसका प्रस्ताव बनाकर लखनऊ भेज दिया गया है। ऋण स्वीकृत होते ही सितंबर और अक्टूबर में इसे लगाने का प्रस्ताव है। इससे ओवरलोडिंग खत्म हो जाएगी। उन्होंने बताया यहां के लिए फायर सिस्टम का भी नया प्लान भी स्वीकृत हो गया है। निरीक्षण के बाद अधीक्षण अभियंता ने विद्युत स्टेशन परिसर में आम का पौधा लगाया। इस दौरान अधिशासी अभियंता ज्ञानेंद्रकुमार, एसडीओ एसके सरल और जेई वाईपी सिंह आदि मौजूद रहे।