तिर्वा (कन्नौज)। खड़नी गांव में गृह कलह से परेशान एक विवाहिता ने आग लगाकर जान दे दी। उसे बचाने में उसका पति भी झुलस गया। सूचना पाकर सौरिख थानाध्यक्ष ने मेडिकल कालेज पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। मामले में मृतका के परिजनों ने दहेज हत्या की तहरीर सौरिख पुलिस को दी है।
गुरसहायगंज के मूल निवासी संतराम खड़नी ब्लाक में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। यहीं पर उनका पुत्र संजय व पुत्रवधू बीनू उनके साथ ही रहती थी। बुधवार की शाम छह बजे के करीब बीनू का अपने पति संजय से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर उसने आग लगा ली। उसे बचाने उसका पति पहुंचा, तो वह भी झुलस गया। सूचना पर एंबुलेंस चालक ने दोनों को मेडिकल कालेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती करा दिया। उपचार के दौैरान बीनू (25) की मौत हो गई। सूचना पाकर मृतका के पिता भी मेडिकल कालेज पहुंच गए। मृतका के पिता किशन गोपाल निवासी डोंडापुर थाना विधून जिला औरैया ने सौरिख पुलिस को दी तहरीर मे हवाला दिया है कि उसने अपनी पुत्री का विवाह वर्ष 2007 में संजय के साथ किया था। पति शराबी होने के कारण अक्सर उसकी पुत्री के साथ मारपीट व उत्पीड़न करता था। बुधवार की शाम उसकी पुत्री की जलाकर हत्या कर दी गई। मामले को लेकर सौरिख थानाध्यक्ष आदित्य प्रकाश ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।