विधान परिषद के चुनाव में मतदाताओं के बीच भारी उत्सुकता दिखाई दी। जिले के 10 बूथों पर 1133 मतदाताओं में 1130 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के लिए सुबह से ही पूर्व बीडीसी व ग्राम प्रधान पहुंचने लगे थे। सवा एक बजे सपा सांसद एवं मुख्यमंत्री की पत्नी डिंपल यादव ने सदर ब्लाक में अपना वोट डाला।
एमएलसी चुनाव में वोट डालने के लिए सुबह से ही मतदाताओं का जमघट लगना शुरू हो गया था। ब्लाक परिसर में मतदान के लिए आने वाली महिलाओं की अस्थायी तौर पर बनाए गए एक तंबू में महिला कर्मचारी ने तलाशी ली, जबकि पुरुष मतदाताओं को गेट पर चेकिंग के बाद ही अंदर भेजा गया है।
सदर ब्लाक में सांसद डिंपल यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष शिल्पी कटियार, पूर्व विधायक बनवारीलाल दोहरे की पत्नी एवं जिला पंचायत सदस्य विद्यावती दोहरे, सौरिख चेयरमैन की पुत्रवधू जिला पंचायत सदस्य अनुपमा यादव, रणवीर सिंह यादव व पूर्व बीडीसी सदस्य एवं ग्राम प्रधानों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
छिबरामऊ ब्लाक में 205 मतदाताओं में 99.91, तालग्राम में 165 में सभी ने, गुरसहायगंज में 42 में सभी ने, सौरिख में 128 में 99.22, हसेरन में 76 में सभी ने, जलालाबाद में 65 में सभी ने, उमर्दा में 128 में सभी ने, ठठिया में 87 में सभी ने, कन्नौज में 191 में 97.91 फीसदी, गुगरापुर में 46 में सभी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद मतपेटिकाओं को सील कर वाहनों के माध्यम से कलेक्ट्रेट फतेहगढ़ में जमा करने के लिए भेजा गया। चुनाव को लेकर सदर ब्लाक में एसडीएम सदर सुनील कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार वैश्य, एएसपी सुभाष चंद्र शाक्य पुलिस फोर्स के साथ तैनात रहे।
तिर्वा में उमर्दा ब्लाक सभागार में 128 मतदाताओं के वोट थे। तिर्वा विधायक व प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल ने सुबह आठ बजकर पांच मिनट पर अपना पहला वोट डाला। दोपहर तीन बजे सबसे अंतिम वोट कुढ़िना के प्रधान ने डाला।
नगर पंचायत चेयरमैन मीरा गुप्ता के नेतृत्व में दोपहर दो बजे सभी 14 सभासदों ने एकजुट होकर मतदान किया। दोपहर तीन बजे बाद शत प्रतिशत वोटिंग होते ही चुनाव अधिकारियों ने बैलेट बाक्स को सील करना शुरू कर दिया।
चुनाव में भाजपा प्रत्याशी का एजेंट तो बना व बिस्तर भी लगा।
कुछ देर बाद उनके बस्तों पर भीड़ न होने से सभी भाजपाई खिसक लिए। इस दौरान ब्लाक प्रमुख इंद्रेश यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय वर्मा ने सपा प्रत्याशी पंपी जैन के एजेंट के रूप में मौजूद रहे।
जलालाबाद में सभी 65 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रेक्षक कामता प्रसाद राही ने बूथ का निरीक्षण किया। पीठासीन अधिकारी कीर्ति प्रभाकर मिश्रा, सर्वेश कटियार, अब्दुल मतीन खां व सुशील कुमार ने मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई।
मतदान के दौरान सदर विधायक अनिल दोहरे, सपा नेता रजनीकांत यादव, गणेश द्विवेदी, पीपी सिंह, बउअन तिवारी, मो. जलील आदि मौजूद रहे।
गुरसहायगंज में नगर पालिका में बनाए गए मतदान केंद्र पर चेयरमैन व सभासदों ने अपने मतों का प्रयोग किया, यहां भाजपा का कोई एजेंट नहीं बना। मतदान केंद्र के बाहर सपाइयों का जमावड़ा लगा रहा। सपा प्रत्याशी पुष्पराज जैन व प्रेक्षक वीके राही, एएसपी सुभाष चंद्र शाक्य ने मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।
दोपहर 11:30 तक सभी वोट पड़ गए थे। मतदान केंद्र के आसपास व बाहर सपाइयों की भीड़ को हटाने के लिए पुलिस की सपा नेताओं से झड़प भी हुई।
ठठिया में शाम चार बजे तक सौ फीसदी मतदाताओं ने अपने वोट डाले। इसके अलावा भाजपा प्रत्याशी का कोई भी एजेंट नहीं बना। पीठासीन अधिकारी शिवशंकर पाल ने बताया कि मतदान 100 फीसदी हुआ। इस दौरान माइक्रो आब्जर्बर आलोक श्रीवास्तव, जोनल मजिस्ट्रेट अरुण कुमार श्रीवास्तव, स्टेटिक मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह पाल मौजूद रहे।
इस मौके पर खंड विकास अधिकारी पंकज यादव, एडीओ पंचायत संतोष दुबे, एडीआआईएसबी सेवाराम, थानाध्यक्ष अनवर अहमद, एलआईयू के इंसपेक्टर श्रीप्रकाश सहित पुलिस फोर्स मौजूद रहा।
गुगरापुर ब्लाक में बने मतदान केंद्र के बाहर सपा की ब्लाक प्रमुख रूपा दोहरे, उनके पति अरविंद दोहरे, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष कलीम खां, अब्दुल रब, नजीबुल, कमरुद्दीन, सर्वेश दोहरे, मजहर हसन, अनिल यादव, शाहवीर यादव डटे रहे।
पर्यवेक्षक ने दोपहर बाद मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। भाजपा के पूर्व विधायक कल्यान सिंह दोहरे अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और जायजा लेने के बाद लौट गए।
प्रभारी ने बूथों का किया तूफानी दौरा- कन्नौज। सपा के चुनाव प्रभारी बनाए गए रामवृक्ष यादव व सयुस के प्रदेश उपाध्यक्ष नाजिम खां ने जिले में बनाए गए 10 बूथों पर जाकर मतदान का जायजा लिया।
एजेंटो को दिशा निर्देश दिए। माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल ने तिर्वा, ठठिया, हसेरन व सौरिख में बनाए गए बूथों पर कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई की।
तिर्वा क्रासिंग पर सपाइयों का जमावड़ा- कन्नौज। एमएलसी चुनाव को लेकर तिर्वा क्रासिंग पर सपाइयों का सुबह से जमावड़ा लगा रहा। सपा के पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव, महासचिव संजय दुबे, नगर अध्यक्ष भोले कुरैशी, कैश खां, पूर्व महासचिव संजय सामवेदी सहित अन्य पदाधिकारी तिर्वा क्रासिंग पर डटे रहे।